Home Blog Page 7

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने डेडियापाड़ा में जनजातीय गौरव दिवस पर अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सराहना की, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ का कर रहे है कायाकल्प- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार पूरी निष्ठा से कार्यरत — मुख्यमंत्री*

0

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने डेडियापाड़ा में जनजातीय गौरव दिवस पर अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सराहना की*

*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ का कर रहे है कायाकल्प- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी*

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार पूरी निष्ठा से कार्यरत — मुख्यमंत्री*

रायपुर 16 नवंबर 2025/ गुजरात के डेडियापाड़ा में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन के दौरान छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की विशेष रूप से प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में जनजातीय समाज की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व भारत के विकास की नई पहचान बन रहा है, और इस दिशा में छत्तीसगढ़ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति के लिए लोकतांत्रिक भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में व्यापक विकास हो रहे हैं और सभी क्षेत्रों में सकारात्मक दिशा में निर्णायक प्रगति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि शासन, सेवा और विकास के प्रत्येक आयाम में जनजातीय समाज का प्रतिनिधित्व और सशक्तिकरण ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र की वास्तविक शक्ति को प्रमाणित करता है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ दिन पूर्व रायपुर में उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ के जनजातीय इतिहास, परंपरा, कला और बलिदान का भव्य प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक राष्ट्रीय धरोहर के रूप में स्थापित होगा।

प्रधानमंत्री के उद्बोधन में छत्तीसगढ़ के जनजातीय समुदाय, उनकी संस्कृति तथा राज्य में चल रहे जनजातीय उत्थान के प्रयासों की जिस प्रकार सराहना की गई, उसने पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के इन शब्दों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया सम्मान समूचे छत्तीसगढ़वासियों का मनोबल बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को आधार बनाकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्यरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन से राज्य में जनजातीय सशक्तिकरण, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका तथा सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय गति प्राप्त हुई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी हमारे देश के गौरव हैं। देश का जनजातीय समाज उनके स्नेह और उदारता के लिए कृतज्ञ है। छत्तीसगढ़ के लिए उनका कहा हुआ प्रत्येक शब्द अमृत के समान है। उनके इस स्नेह को प्रसाद मानते हुए हम और अधिक उत्साह के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की अर्चना में स्वयं को समर्पित करते हैं।

अपने संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा को तीव्र गति देते हुए राज्य सरकार ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के प्रधानमंत्री के संकल्प की सिद्धि में अपना पूर्ण योगदान देगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंत में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से यह विकास यात्रा और अधिक गतिशील, प्रभावी और व्यापक बनेगी।

*मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से दुलदुला में दो सड़कों का होगा निर्माण, ग्रामीण संपर्क को मिलेगा बढ़ावा, लगभग 6 ग्रामों के दो हजार जनसंख्या सीधे होंगे लाभान्वित* 

0

*मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से दुलदुला में दो सड़कों का होगा निर्माण, ग्रामीण संपर्क को मिलेगा बढ़ावा, लगभग 6 ग्रामों के दो हजार जनसंख्या सीधे होंगे लाभान्वित*

जशपुरनगर, 15 नवंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में अधोसंरचना विकास कार्यों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। शहरों से लेकर ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृतियाँ तेजी से प्रदान की जा रही हैं तथा स्वीकृत कार्यों का निर्माण भी द्रुत गति से जारी है। नए पहुंच मार्गों के निर्माण से दूरस्थ गाँव अब शहरों से सुदृढ़ रूप से जुड़ सकेंगे, जिससे लोगों के दैनिक जीवन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य तथा व्यापार जैसे सभी क्षेत्रों पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

इसी क्रम में दुलदुला विकासखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण संपर्क और अधिक मजबूत होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 5 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से छेड़डाढ़ से टुकुटोली 5.13 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क तथा 5 करोड़ 95 लाख की लागत से ठूठीआम्बा से कादोपानी झारखंड पहुंच मार्ग तक 5.70 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए निविदा स्वीकृत कर दी गई है। इन दोनों सड़क मार्गों के बीच लगभग 6 ग्राम पंचायतें स्थित हैं, जिनमें करीब 2,000 की आबादी निवास करती है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद इन क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

*गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव 2025 का शताब्दी वर्ष में भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि, प्रदेशभर से जुटेंगे महाकुल यादव समाज के लोग……..*

0

*गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव 2025 का शताब्दी वर्ष में भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि, प्रदेशभर से जुटेंगे महाकुल यादव समाज के लोग……..*

जशपुरनगर।महाकुल यादव समाज के तत्वावधान में आयोजित गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव इस वर्ष अपनी शताब्दी वर्षगांठ पर विशेष रूप से मनाया जाएगा। यह ऐतिहासिक आयोजन 12 नवम्बर 2025, दिन बुधवार को बड़े ही श्रद्धा और भव्यता के साथ गोकुला धाम कंडोरा कुनकुरी में संपन्न होगा।इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विष्णु देव साय एवं समस्त विशिष्ट अतिथियों के गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न होगा।आयोजन समिति ने बताया कि आस्था, एकता और संस्कृति का अद्भुत संगम आयोजन की भव्य तैयारी की जा रही है।गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव का यह शताब्दी वर्ष यादव समाज के लिए गर्व और श्रद्धा का अवसर होगा। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि यह आयोजन समाज की परंपरा, संस्कृति और भक्ति भावना का प्रतीक है।इस भव्य उत्सव में पूरे प्रदेश भर से हजारों श्रद्धालु और समाजजन शामिल होंगे।

*वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर उल्लासपूर्वक किया गया गायन, भाजपा मंडल दोकड़ा के कार्यकर्ताओं की हुई अहम बैठक संपन्न…….*

0

*वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर उल्लासपूर्वक किया गया गायन, भाजपा मंडल दोकड़ा के कार्यकर्ताओं की हुई अहम बैठक संपन्न…….*

 

दोकड़ा।भारतीय जनता पार्टी मंडल दोकड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन बगिया में किया गया, जिसमें संगठनात्मक विषयों एवं SIR को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष श्री सुनील कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष श्री गुप्ता ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ता में एकजुटता, तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा-आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जन-जन तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।बैठक में वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया और देशभक्ति की भावना के साथ उल्लास व्यक्त किया।इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने भी कार्यकताओं को प्रमुखता से संगठन की मजबूती एवं शासन की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने की अपील की इस अवसर पर मंडल प्रभारी श्री उमाशंकर भगत, लाल वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह, मंडल अध्यक्ष रवि यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश चौधरी सहित मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की। बैठक का समापन देशभक्ति के नारों और वंदे मातरम के जयघोष के साथ हुआ।

*गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए सिंचाई परियोजनाओं के कार्य में लाएँ गति – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री ने ली जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक*

0

*गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए सिंचाई परियोजनाओं के कार्य में लाएँ गति – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री ने ली जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक*

रायपुर, 07 नवम्बर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने प्रदेश में संचालित सभी निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हों तथा निर्माण कार्यों की गति में तेजी लाई जाए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए कहा कि जल संसाधन परियोजनाएँ प्रदेश के सर्वांगीण विकास की धुरी हैं। उन्होंने कहा कि जनता को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सिंचाई परियोजनाओं का निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों में गति लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव श्री राजेश सुकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री को पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से प्रदेश की निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद सहित जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया, दिवंगतों के परिजनों को ₹5 लाख एवं घायलों को ₹50 हज़ार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा*

0

रायपुर, 4 नवम्बर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताया है। उन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने दुर्घटना में दिवंगत हुए यात्रियों के परिजनों को ₹5 लाख तथा घायलों को ₹50 हज़ार की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित एवं निःशुल्क इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और जिला प्रशासन को तत्काल प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ी से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन एवं रेलवे की टीमें राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है तथा हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को दिया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश, रजत जयंती वर्ष के अवसर पर रायपुर में होगा एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आयोजन*

0

रायपुर, 3 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राजधानी रायपुर का बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम आगामी 8 और 9 नवम्बर को रफ्तार, रोमांच और युवाओं के उत्साह का मंच बनेगा। रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की नई ऊर्जा, नवाचार भावना और युवा सामर्थ्य का प्रतीक होगा।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप 2025 का यह भव्य आयोजन न केवल रोमांचक मोटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट पहनने और सड़क पर रेसिंग से बचने जैसे सामाजिक संदेश देने का भी माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम से पूर्व आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को “सेफ ड्राइविंग” का संदेश दिया। उन्होंने आगामी 8-9 नवंबर को आयोजित नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा, “युवाओं में अपार ऊर्जा है, और उस ऊर्जा को सही दिशा देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।” मुख्यमंत्री श्री साय ने युवाओं को सेफ ड्राइविंग का संदेश देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है इसीलिए दुपहिया चलाते समय हमेशा हेलमेट पहने और ट्रैफिक नियमों का पालन करें ।सड़क पर रेसिंग बिल्कुल ना करें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ ही नई पीढ़ी में अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल गति से नहीं, बल्कि संयम और संकल्प से पहचाना जाए।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री उज्जवल दीपक ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा,”हम चाहते हैं कि रफ्तार जुनून बने, जोखिम नहीं — यही इस चैम्पियनशिप की असली सोच है।”

इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि रेसिंग सड़क पर नहीं, बल्कि विशेष रूप से निर्मित सुरक्षित रेसिंग ट्रैक पर होगी, जहाँ सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में देश के शीर्ष राइडर्स हिस्सा लेंगे। एमआरएफ के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ को देश के मोटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर एक नई और सम्मानजनक पहचान दिलाने जा रही है।

*देव उठनी एकादशी पर्व पर दोकड़ा में उमड़ी भक्तों की भीड़, श्री जगन्नाथ मंदिर में हुआ दीप प्रज्वलन, तुलसी विवाह और भव्य भंडारा — हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद….*

0

*देव उठनी एकादशी पर्व पर दोकड़ा में उमड़ी भक्तों की भीड़, श्री जगन्नाथ मंदिर में हुआ दीप प्रज्वलन, तुलसी विवाह और भव्य भंडारा — हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद….*

दोकड़ा। देव उठनी एकादशी के पावन अवसर पर ग्राम दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में रविवार को भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।इस दौरान द्विप प्रज्वलन, तुलसी विवाह सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को भव्यता प्रदान की।

*दीपों की रोशनी में जगमगाया मंदिर परिसर*

शाम ढलते ही मंदिर परिसर दीपों की झिलमिल रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता तुलसी के विवाह समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी और शालिग्राम का विवाह संपन्न हुआ। आयोजन स्थल को रंग-बिरंगे पुष्पों, तोरणों और दीपमालाओं से सजाया गया था।

*भजन-कीर्तन और संकीर्तन ने बाँधा माहौल*

शाम को मंदिर में भजन-कीर्तन, संकीर्तन का आयोजन किया गया।ग्राम पुकडेगा के कलाकारों और भजन मंडलियों ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की स्तुति में भक्ति गीत प्रस्तुत किए। वातावरण “हरे राम हरे कृष्ण” और “जय श्री हरि” के उद्घोष से गूंजता रहा।

*महाप्रसाद भंडारा में उमड़ी भीड़*

धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात महाप्रसाद भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सदस्यों और युवाओं ने व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से प्रसाद वितरण कराया।

*भक्तों ने की पुण्य स्नान और पूजा-अर्चना*

सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्री हरि विष्णु की पूजा-अर्चना करते रहे। महिलाओं ने तुलसी चौरा पर दीप जलाकर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान विष्णु के शयन से जागरण दिवस का उत्सव मनाया।

*धार्मिक एकता और आस्था का संगम*

आयोजन समिति ने बताया कि देव उठनी एकादशी का पर्व धर्म, आस्था और लोक परंपरा का अद्भुत संगम है। इस दिन से विवाह, मांगलिक कार्य और शुभ अवसरों की शुरुआत मानी जाती है। श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में इस वर्ष यह पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘कॉफ़ी टेबल बुक’ का किया विमोचन:छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और ‘मोदी की गारंटी’ का दस्तावेज़*

0

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘कॉफ़ी टेबल बुक’ का किया विमोचन:छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और ‘मोदी की गारंटी’ का दस्तावेज़*

नवा रायपुर, 1 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘कोसा कॉफ़ी टेबल बुक’ का विमोचन किया। जनसंपर्क विभाग का यह विशेष प्रकाशन प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में हुए जन-कल्याणकारी कार्यों और विकास यात्रा का विस्तृत दस्तावेज़ प्रस्तुत करता है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह कॉफी टेबल बुक प्रधानमंत्री श्री मोदी की गारंटी के अंतर्गत पूरे हुए विकास कार्यों का प्रमाण है। इसमें उन योजनाओं और पहल का समावेश है, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती पर विश्वास, विकास और पारदर्शिता का नया अध्याय लिखा है।

*‘मोदी की गारंटी’ — विकास के सशक्त उदाहरण*

‘कॉफी टेबल बुक’ में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को मिले आवास, किसानों को दी गई धान बोनस राशि, कृषक उन्नति योजना के तहत हुए कृषि सुधार, तथा लोक सेवा आयोग (PSC) परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली में लायी गई पारदर्शिता जैसे अनेक जनहितकारी सुधारों का विस्तारपूर्वक विवरण शामिल है।

*जन-कल्याण से सुशासन तक की यात्रा*

‘कॉफ़ी टेबल बुक’ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं – जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, और डिजिटल प्रशासनिक सुधार – के माध्यम से छत्तीसगढ़ में आए सकारात्मक परिवर्तनों को चित्रों और आँकड़ों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

*राज्य की प्रगति का जीवंत चित्रण*

यह पुस्तक न केवल योजनाओं की जानकारी देती है, बल्कि यह बताती है कि किस प्रकार केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से आम नागरिकों का जीवन बदला है। ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और प्रशासनिक पारदर्शिता के क्षेत्र में हुए कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि यह ‘कॉफी टेबल बुक’ छत्तीसगढ़ के नागरिकों के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यह राज्य की 25 वर्ष की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री श्री मोदी की विकासोन्मुख दृष्टि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के सपने की प्रेरणा बनेगी।

*छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल के सम्मान में दिया गया विष्णु देव रूट नाम, हिमालय में गूँजी जशपुर की गूंज: आदिवासी युवाओं ने जगतसुख पीक पर खोला नया मार्ग*

0

*हिमालय में गूँजी जशपुर की गूंज: आदिवासी युवाओं ने जगतसुख पीक पर खोला नया मार्ग*

*छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल के सम्मान में दिया गया विष्णु देव रूट नाम*

रायपुर 30 अक्टूबर 2025/ छत्तीसगढ़ के जशपुर ज़िले के आदिवासी युवाओं के एक दल ने भारतीय पर्वतारोहण के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। इस दल ने हिमाचल प्रदेश की दूहंगन घाटी (मनाली) में स्थित 5,340 मीटर ऊँची जगतसुख पीक पर एक नया आल्पाइन रूट खोला, जिसे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल के सम्मान में “विष्णु देव रूट” नाम दिया गया है। टीम ने यह चढ़ाई बेस कैंप से केवल 12 घंटे में पूरी की — वह भी आल्पाइन शैली में, जो तकनीकी रूप से अत्यंत कठिन मानी जाती है।

यह ऐतिहासिक अभियान सितंबर 2025 में आयोजित हुआ, जिसका आयोजन जशपुर प्रशासन ने पहाड़ी बकरा एडवेंचर के सहयोग से किया। इस अभियान को हीरा ग्रुप सहित अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों का सहयोग प्राप्त हुआ।

यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि इस दल के पाँचों पर्वतारोही पहली बार हिमालय की ऊँचाइयों तक पहुँचे थे। सभी ने “देशदेखा क्लाइम्बिंग एरिया” में प्रशिक्षण प्राप्त किया, जो जशपुर प्रशासन द्वारा विकसित भारत का पहला प्राकृतिक एडवेंचर खेलों के लिए समर्पित प्रशिक्षण क्षेत्र है। विश्वस्तरीय मानकों को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने भारतीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को जोड़ा, जिनमें बिलासपुर के पर्वतारोही एवं मार्गदर्शक स्वप्निल राचेलवार, न्यूयॉर्क (USA) के रॉक क्लाइम्बिंग कोच डेव गेट्स, और रनर्स XP के निदेशक सागर दुबे शामिल रहे। इन तीनों ने मिलकर तकनीकी, शारीरिक और मानसिक दृष्टि से युवाओं को तैयार करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम बनाया। दो महीनों की कठोर तैयारी और बारह दिनों के अभ्यास पर्वतारोहण के बाद टीम ने यह चुनौतीपूर्ण चढ़ाई पूरी की।

अभियान प्रमुख स्वप्निल राचेलवार ने बताया कि जगतसुख पीक का यह मार्ग नए पर्वतारोहियों के लिए अत्यंत कठिन और तकनीकी था। मौसम चुनौतीपूर्ण था, दृश्यता सीमित थी और ग्लेशियरों में छिपी दरारें बार-बार बाधा बन रही थीं। इसके बावजूद टीम ने बिना फिक्स रोप या सपोर्ट स्टाफ के यह चढ़ाई पूरी की — यही असली आल्पाइन शैली है। यह अभियान व्यावसायिक पर्वतारोहण से अलग था, जहाँ पहले से तय मार्ग और सहायक दल पर निर्भरता होती है; इस दल ने पूरी तरह आत्मनिर्भर रहते हुए नई मिसाल कायम की।

अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। स्पेन के प्रसिद्ध पर्वतारोही टोती वेल्स, जो इस अभियान की तकनीकी कोर टीम का हिस्सा थे और स्पेन के पूर्व वर्ल्ड कप कोच रह चुके हैं, ने कहा कि “इन युवाओं ने, जिन्होंने जीवन में कभी बर्फ नहीं देखी थी, हिमालय में नया मार्ग खोला है। यह साबित करता है कि सही प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर ये पर्वतारोही विश्वस्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।”

“विष्णु देव रूट” के अलावा दल ने दूहंगन घाटी में सात नई क्लाइम्बिंग रूट्स भी खोले। इनमें सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि रही एक अनक्लाइम्ब्ड (पहले कभी न चढ़ी गई) 5,350 मीटर ऊँची चोटी की सफल चढ़ाई, जिसे टीम ने ‘छुपा रुस्तम पीक’ नाम दिया। इस पर चढ़ाई के मार्ग को ‘कुर्कुमा (Curcuma)’ नाम दिया गया — जो हल्दी का वैज्ञानिक नाम है और भारतीय परंपरा में सहनशक्ति और उपचार का प्रतीक माना जाता है।

यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि यदि सही दिशा, अवसर और संसाधन मिलें तो भारत के सुदूर ग्रामीण और आदिवासी इलाकों से भी विश्वस्तरीय पर्वतारोही तैयार हो सकते हैं। बिना किसी हिमालयी अनुभव के इन युवाओं ने आल्पाइन शैली में जो उपलब्धि हासिल की है, उसने भारतीय साहसिक खेलों को नई दिशा दी है। इस पहल ने तीन बातों को सिद्ध किया — आदिवासी युवाओं में प्राकृतिक शक्ति, सहनशीलता और पर्यावरण से जुड़ी सहज समझ उन्हें एडवेंचर खेलों के लिए विशेष रूप से उपयुक्त बनाती है; “देशदेखा क्लाइम्बिंग सेक्टर” जैसे स्थानीय प्रशिक्षण केंद्र पेशेवर पर्वतारोही तैयार करने की क्षमता रखते हैं; और हिमालय की अनदेखी चोटियाँ भारत में सतत एडवेंचर पर्यटन की नई संभावनाएँ खोल सकती हैं।

अभियान का नेतृत्व स्वप्निल राचेलवार ने किया, उनके साथ राहुल ओगरा और हर्ष ठाकुर सह-नेता रहे। जशपुर के पर्वतारोही दल में रवि सिंह, तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजुर और प्रतीक नायक शामिल थे। अभियान को प्रशासनिक सहयोग डॉ. रवि मित्तल (IAS), रोहित व्यास (IAS), शशि कुमार (IFS) और अभिषेक कुमार (IAS) से मिला। तकनीकी सहायता डेव गेट्स, अर्नेस्ट वेंटुरिनी, मार्टा पेड्रो (स्पेन), केल्सी (USA) और ओयविंड वाई. बो (नॉर्वे) ने दी। पूरे अभियान का डॉक्यूमेंटेशन और फोटोग्राफी ईशान गुप्ता की कॉफी मीडिया टीम ने किया।

प्रमुख सहयोगी और प्रायोजक संस्थानों में पेट्ज़ल, एलाइड सेफ्टी इक्विपमेंट, रेड पांडा आउटडोर्स, रेक्की आउटडोर्स, अडवेनम एडवेंचर्स, जय जंगल प्राइवेट लिमिटेड, आदि कैलाश होलिस्टिक सेंटर, गोल्डन बोल्डर, क्रैग डेवलपमेंट इनिशिएटिव और मिस्टिक हिमालयन ट्रेल शामिल रहे।

यह अभियान केवल एक पर्वतारोहण उपलब्धि नहीं, बल्कि उस सोच का प्रतीक है कि भारत के गाँवों और आदिवासी क्षेत्रों से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सफलता प्राप्त की जा सकती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि “भारत का भविष्य गाँवों से निकलकर दुनिया की ऊँचाइयों तक पहुँच सकता है।”

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ अब जशपुर को एक सतत एडवेंचर एवं इको-टूरिज़्म केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।