*वैश्विक निवेश के मंच पर छत्तीसगढ़ की नई छलांग: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सिंगापुर पहुँचे, निवेशकों के साथ संभावनाओं पर होगी महत्वपूर्ण चर्चा…*

विज्ञापन

वैश्विक निवेश के मंच पर छत्तीसगढ़ की नई छलांग: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सिंगापुर पहुँचे, निवेशकों के साथ संभावनाओं पर होगी महत्वपूर्ण चर्चा

SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी से बढ़ेगा वैश्विक निवेश का दायरा, नई औद्योगिक नीति और संसाधनों से निवेशकों को प्रदेश की संभावनाओं से कराया जाएगा परिचित

सिंगापुर। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ को नामित किए जाने के बाद प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सिंगापुर पहुँचे। सिंगापुर पहुँचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले जी ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रथम SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की सहभागिता प्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश और औद्योगिक अवसरों को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है। इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

CEO राउंडटेबल में वैश्विक उद्योग जगत से सीधा संवाद

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय SING फोरम के दौरान CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विस्तार, नई परियोजनाओं और उभरते आर्थिक क्षेत्रों को लेकर संवाद होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के साथ-साथ वैश्विक निवेश मानचित्र पर प्रदेश की मजबूत पहचान बनाना है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते हुए नए क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार इन सभी क्षमताओं को उद्योग और निवेश के अवसरों में परिवर्तित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

वैश्विक निवेशकों तक पहुँचेगा ‘नवा छत्तीसगढ़’ का संदेश

सिंगापुर में होने वाली बैठकों और संवादों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और निवेश-अनुकूल वातावरण को वैश्विक स्तर पर सामने रखने का अवसर मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ मजबूत साझेदारी विकसित हो और प्रदेश में रोजगार, उद्योग तथा आर्थिक गतिविधियों के नए अवसरों का विस्तार हो।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब स्थानीय संसाधनों और क्षमताओं को वैश्विक निवेश से जोड़ते हुए औद्योगिक विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।