*एकादशी पर्व में श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में हुआ दिव्य दीप प्रज्वलन, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय हुईं शामिल, 35वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर लिया भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद….*
जशपुरनगर। दोकड़ा स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में एकादशी तिथि के पावन अवसर पर भव्य दीप प्रज्वलन एवं धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं। मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने अपनी 35वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री दंपत्ति को वैवाहिक वर्षगांठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही मंदिर परंपरा के अनुसार गजपति महाराज का भी स्मरण करते हुए मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
इस विशेष अवसर पर रात्रि बगिया में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से रायपुर से जुड़े। समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री दंपत्ति की वैवाहिक वर्षगांठ पर केक काटकर खुशी जाहिर की तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की कामना की।वहीं श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत संदेश दिया। श्रद्धालुओं की बड़ी उपस्थिति से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
